भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे
शोभना
- 04 Jul 2026, 12:46 PM
- Updated: 12:46 PM
लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उनके 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की योजना को कारगर बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें करने की उम्मीद है।
नवीन एक विशेष रूप से तैयार किए गए मोटर चालित रथ पर सवार थे जिस पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की तस्वीरें लगी थीं और उस पर 'सेवा, सुशासन और जन कल्याण' लिखा हुआ था। भारी भीड़ के बीच उनका काफिला लगभग रेंगता हुआ आगे बढ़ रहा था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर नवीन का स्वागत किया।
योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, '' प्रभु श्री राम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।''
दो दिन के कार्यक्रम में नवीन का एक रात्रिभोज मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के साथ निर्धारित है। इसके अलावा उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बुद्धिजीवियों, पार्टी विधायकों और अन्य लोगों के साथ मुलाकातें होनी हैं।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, '' 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव के लिए योजना और रणनीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।''
नवीन क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला इकाई अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों जैसे पार्टी पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
मथुरा और वाराणसी के बाद, पार्टी प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से नवीन का राज्य का यह तीसरा दौरा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वह प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर भी जा सकते हैं।
पार्टी ने कहा, ''अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की रणनीति को धार देने और नई घोषित उप्र भाजपा को मार्गदर्शन देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।''
उनकी पार्टी की कोर कमेटी के साथ भी बैठक होनी है। बाद में शाम को वह पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर राज्य की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे।
शुक्रवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में नवीन ने कहा था, ''कल से, मैं उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर रहूंगा। इस दौरान, मैं विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लूंगा, समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद करूंगा और संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लूंगा। मैं उत्तर प्रदेश के अपने प्यारे भाइयों और बहनों तक पहुंचने के लिए उत्सुक हूं।''
भाषा जफर अरूनव रंजन शोभना
शोभना
शोभना
0407 1246 लखनऊ