14 फरवरी को टैगोर थिएटर में ‘रफ़ी नाइट’ का भव्य आयोजन
DailyWorld
- 13 Feb 2026, 04:51 PM
- Updated: 04:51 PM
चंडीगढ़, 13 फरवरी 2026: रफ़ी मेमोरियल कल्चरल सोसायटी और जीबी रियल्टी के संयुक्त तत्वावधान में महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी को समर्पित भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘रफ़ी नाइट’ का आयोजन 14 फरवरी को सायं 5 बजे टैगोर थिएटर, सेक्टर-18, चंडीगढ़ में किया जाएगा। इस विशेष संध्या में रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब, सेक्टर-27 में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सोसायटी के अध्यक्ष जी.एस. ग्रेवाल ने कहा कि रफ़ी केवल एक गायक नहीं, बल्कि भारतीय संगीत की आत्मा हैं। ‘रफ़ी नाइट’ के माध्यम से उनकी अमर विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक डॉ. सौरव किशन (छोटा रफ़ी) और मुंबई की प्रसिद्ध गायिका संपदा गोस्वामी रफ़ी साहब के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि जीबी रियल्टी इस आयोजन का प्रमुख प्रायोजक है।
जीबी रियल्टी के वाइस प्रेसिडेंट जतिंदर बाजवा ने कहा कि कंपनी केवल रियल एस्टेट व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि कला और संस्कृति को बढ़ावा देना भी उसकी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी का अहम हिस्सा है। ‘रफ़ी नाइट’ जैसे आयोजन समाज को सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक समृद्धि प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के चेयरमैन गुरिंदर भट्टी इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सोसायटी के महासचिव बाल मुकंद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब सरकार के वित्त, आबकारी, कराधान एवं योजना मंत्री हरपाल सिंह चीमा होंगे। उन्होंने कहा कि रफ़ी मेमोरियल कल्चरल सोसायटी की स्थापना वर्ष 2019 में हुई थी और अब तक पटियाला व चंडीगढ़ में छह सफल ‘रफ़ी’ कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एस.के. बातिश ने कहा कि रफ़ी साहब की गायकी में भाव, सुर और आत्मा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। सोसायटी का उद्देश्य उनकी संगीत विरासत को जीवंत बनाए रखना है।
कार्यक्रम के स्टार परफॉर्मर डॉ. सौरव किशन (छोटा रफ़ी) ने कहा कि एमबीबीएस डॉक्टर होने के बावजूद रफ़ी साहब के गीत उनके जीवन की साधना हैं। ‘रफ़ी नाइट’ में प्रस्तुति देना उनके लिए सम्मान और भावनात्मक अनुभव है।
महासचिव बाल मुकंद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा तथा सीट व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। उन्होंने संगीत प्रेमियों से समय से पहले पहुंचकर लगभग तीन घंटे चलने वाली इस यादगार संगीतमय संध्या का आनंद लेने की अपील की।