अमेरिकी डॉलर के रुख, ईरान संकट पर निर्भर करेगी सोना-चांदी की दिशा: विश्लेषक
योगेश
- 28 Jun 2026, 04:54 PM
- Updated: 04:54 PM
नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और कई वृहद आर्थिक आंकड़ों के बीच अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
विश्लेषक का कहना है कि फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले की दिशा के अनुरूप अगले सप्ताह प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई, यूरो क्षेत्र के मुद्रास्फीति के आंकड़े तथा अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार तथा बेरोजगारी के आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसके साथ ही अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता ठप होने तथा दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी सर्राफा बाजार को प्रभावित कर सकता है।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के ईबीजी - जिंस एवं मुद्रा शोध के उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा, ''सोने और चांदी की कीमतों में अब भी गिरावट का रुख बना हुआ है और बाजार फिलहाल 'करेक्शन' के दौर से गुजर रहा है।''
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह कॉमेक्स पर सोना 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं चांदी 7.13 डॉलर यानी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई।
'मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज' पर सप्ताह के दौरान अगस्त में आपूर्ति होने वाले सोने का वायदा भाव 3,041 रुपये यानी 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं सितंबर में आपूर्ति होने वाली चांदी का वायदा भाव 15,269 रुपये यानी 6.4 प्रतिशत टूटकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक जिंस एवं मुद्रा, जतिन त्रिवेदी ने कहा, ''पिछले सप्ताह सोने पर लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा और इसकी कीमत दो प्रतिशत गिर गई। अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा, जिससे सोने में गिरावट का सिलसिला जारी रहा।''
उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट से महंगाई संबंधी चिंताएं कम हुईं, जिससे मुद्रास्फीति से बचाव के साधन के रूप में सोने की मांग कमजोर पड़ी।
वैश्विक बाजार में सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं अमेरिका में चांदी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मेर ने कहा कि शुक्रवार को अमेरिका के व्यक्तिगत उपभोग व्यय मुद्रास्फीति के आंकड़े अपेक्षा से नरम रहने के बाद सस्ते भाव पर खरीदारी से सोने में कुछ सुधार देखने को मिला।
इसके अलावा चीन के केंद्रीय बैंक की ओर से सोने की लगातार खरीद, अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय संघ पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की चेतावनी ने भी सोने को कुछ समर्थन दिया।
भाषा यासिर अजय
अजय योगेश
योगेश
2806 1654 दिल्ली