जयपुर डिस्कॉम ने कबाड़ से 104 करोड़ रुपये से अधिक कमाए
पाण्डेय
- 31 Jan 2026, 07:11 PM
- Updated: 07:11 PM
जयपुर, 31 जनवरी (भाषा) बिजली वितरण कंपनी जयपुर डिस्कॉम ने चालू वित्त वर्ष में अब तक अनुपयोगी सामान और कबाड़ के निपटान से 104 करोड़ रुपये से अधिक कमाए हैं।
अधिकारियों का दावा है कि बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) के 13 सर्किल स्टोर में कबाड़ की नीलामी से प्राप्त यह राशि पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक है। अनुपयोगी सामानों में पुराने ट्रांसफार्मर, लकड़ी के बक्से, पुराने वीसीबी, मीटर, खराब तेल, कबाड़ वाहन, पुरानी केबल और लोहे के ड्रम शामिल हैं।
उप-खंड और खंड कार्यालयों से ऐसे कबाड़ को सहायक स्टोर नियंत्रक कार्यालयों में जमा किया जाता है और मासिक नीलामी के माध्यम से इसका निपटान होता है।
अधिकारियों ने कहा कि पहले नियमित कामकाज के कारण नीलामी में अक्सर देरी होती थी, जिससे सामान खराब होता था और राजस्व की हानि होती थी। इसे देखते हुए डिस्कॉम प्रबंधन ने मुख्य अभियंता (सामग्री प्रबंधन) और अधीक्षण अभियंता (निरीक्षण एवं स्टोर) को कबाड़ के निपटान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अनुसार 2023-24 में सभी सर्कल में 115 नीलामी की गईं जबकि 2024-25 में 185 नीलामी की गईं थीं। वहीं चालू वित्त वर्ष 2025-26 में जनवरी तक कुल 221 नीलामी हो चुकी हैं। वित्त वर्ष के बाकी दो महीनों में यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि कई स्टोर कार्यालयों में 15 साल से ज्यादा समय से गाड़ियां बिना इस्तेमाल के खड़ी थीं। परिवहन विभाग के साथ समन्वय करके बकाया कर और पंजीकरण की जानकारी प्राप्त कर ऐसी 48 गाड़ियों को नीलामी के लिए चिन्हित किया गया। इनमें 34 वाहनों को बेच दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ''डिस्कॉम ने चालू वित्त वर्ष में अब तक ऐसी नीलामी से 104.39 करोड़ रुपये कमाए हैं और साल के आखिर तक इसके 125 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।''
उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच साल में कबाड़ बेचने से हुई यह सर्वाधिक आय है। कंपनी को कबाड़ नीलामी से प्राप्त राजस्व वित्त वर्ष 2020-21 में 30.85 करोड़ रुपये, 2021-22 में 94.84 करोड़ रुपये, 2022-23 में 86.84 करोड़ रुपये, 2023-24 में 61.29 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 में 55.76 करोड़ रुपये रहा।
भाषा पृथ्वी सुमित पाण्डेय
पाण्डेय
पाण्डेय
3101 1911 जयपुर