सतीशन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेन्निथला और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात की
मनीषा
- 15 May 2026, 02:09 PM
- Updated: 02:09 PM
तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री बनने जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी रमेश चेन्निथला से यहां उनके आवास पर मुलाकात की और कहा कि वह दोनों भाई जैसे हैं।
इसके अलावा, सतीशन अपने पूर्ववर्ती पिनराई विजयन से भी मिले।
सतीशन और चेन्निथला दोनों मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। हालांकि, कांग्रेस द्वारा सतीशन को अगला मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद, चेन्निथला बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम स्थित अपने आवास से निकलकर गुरुवायुर चले गए। वह शुक्रवार सुबह राजधानी लौटे।
सतीशन को सुबह 10 बजे चेन्निथला के आवास पर जाना था, लेकिन चेन्निथला के अपने करीबी पार्टी नेताओं के साथ बाहर जाने के कारण मुलाकात में देरी हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात के बाद, सतीशन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चेन्निथला के घर गए। वरिष्ठ नेता ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों ने चर्चा की।
इस बैठक में कांग्रेस नेता अनवर सादात, अबिन वर्की, ज्योति कुमार, वी.टी. बलराम और जोसेफ वाझक्कन भी मौजूद थे।
बाद में, दोनों नेताओं ने अन्य नेताओं की अनुपस्थिति में चर्चा की। बैठक लगभग 45 मिनट तक चली।
सतीशन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''मैं चेन्निथला से उनका आशीर्वाद लेने गया था। छात्र जीवन से लेकर आज तक, वह हमेशा से मेरे नेता रहे हैं।
सतीशन ने कहा कि चेन्निथला ने उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा, ''उनका आशीर्वाद और समर्थन हमेशा मेरे साथ रहेगा। यह दो भाइयों के बीच की मुलाकात है।''
जब उनसे पूछा गया कि क्या चेन्निथला मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे, तो सतीशन ने कहा कि यह फैसला पार्टी करेगी।
उन्होंने कहा, ''पार्टी नेतृत्व उनसे (चेन्निथला से) चर्चा करेगा और उनकी राय लेने के बाद निर्णय लिया जाएगा।''
चेन्निथला ने भी सतीशन के चयन पर खुशी जाहिर की और कहा, ''मैं आलाकमान के फैसले का स्वागत करता हूं।''
उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं के बीच गहरे व्यक्तिगत संबंध हैं।
चेन्निथला ने कहा, ''केरल को दस साल के एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) शासन से मुक्त कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इसे पूरा करने के लिए काम करेंगे।''
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे मंत्री बनेंगे, तो चेन्निथला ने भी वही जवाब दिया कि यह फैसला पार्टी का होगा।
सतीशन इससे पहले दोपहर लगभग सवा 12 बजे विजयन के आवास पहुंचे। विजयन और उनके परिवार ने बाहर आकर उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने अंदर जाकर बातचीत की। विजयन, सतीशन का हाथ पकड़कर उन्हें घर के भीतर ले गए।
चाय की चुस्कियों के बीच दोनों ने स्वास्थ्य और खानपान को लेकर भी बातचीत की। विजयन इस दौरान ग्रीन टी पी रहे थे। सतीशन ने विजयन की अनुशासित जीवनशैली की तारीफ की।
एलडीएफ की सत्ता जाने के बाद विजयन ने सरकारी आवास खाली कर दिया था और हाल ही में 'बेकरी जंक्शन' पर एक मकान किराए पर लिया है।
सतीशन 2021 से 2026 तक विजयन के दूसरे कार्यकाल में केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। अब जब सतीशन मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे हैं, तो मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक दल के नेता चुने गए विजयन के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने की संभावना है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा
1505 1409 तिरुवनंतपुरम